मंगलवार, 6 मई 2008

'जल संरक्षण के लिए जन अभियान जरूरी'


अंबाला शहर। आजादी बचाओ आंदोलन के उत्तरी भारत प्रवक्ता सिराज केसर ने कहा कि जल संरक्षण के लिए संयुक्त रूप से जन अभियान जरूरी है। सरकारों के अलावा जब तक आम जनता जल संरक्षण के प्रति नहीं चेतती तब तक स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सकती है।
उन्होंने कहा कि आजादी बचाओ आंदोलन की ओर से देश के कई हिस्सों में जल संरक्षण की मुहिम शुरू की गई है, जिसमें यूपी के बुंदेलखंड को पहले स्थान पर रखा गया है।
वह रविवार को शहर में सर्वहितकारी मंच सदस्यों के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में पानी की समस्या से खासी आबादी पलायन कर रही है, जिसको रोकने के लिए गैर सरकारी संस्थाओं को प्रयास करना चाहिए। इसी तरह से झारखंड के हजारीबाग में थर्मल प्लांट लगाने के लिए 29 गांवों को उजाड़ा जा रहा है, जिस पर आजादी बचाओ आंदोलन ग्रामीणों के साथ जुटा है। नदियों में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए कहा कि सबसे पहले सरकार को बंदिश लगानी होगी। यही नहीं 2010 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए दिल्ली सरकार यमुना नदी के किनारे खेल गांव बसाने की योजना बना रही है, जिस पर सरकार को खुद सोचना चाहिए। सिराज केसर ने कहा कि पर्यावरण मंत्रालय के मना करने के बाजवूद सरकार बिल्डरों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि देश में धीरे-धीरे भूमिगत पानी का खतरा बढ़ रहा है जिसे रोकने के लिए सभी संगठनों को एक मंच पर आकर पहल करनी चाहिए।
इस संगोष्ठी में मुख्यअतिथि अकाली नेता रणवीर सिंह फौजी व अध्यक्षता डा. संजय शर्मा अध्यक्ष बीजेपी व विशेष अतिथि नरेश बंसल थे। इस गोष्ठी में जल संरक्षण पर विचार किया गया। इस अवसर पर सर्व हितकारी मंच के प्रधान विष्णु तायल, महासचिव अशोक बरतिया, कोषाध्यक्ष राजेंद्र बंसल, मुकेश जिंदल, पूर्व डिप्टी स्पीकर फकीर चंद अग्रवाल हजकां नेता पूर्ण प्रकाश सैनी, अंकुर तायल भी उपस्थिति थे।
इस अवसर पर सर्वहितकारी मंच के सदस्य व हजकां के प्रदेश सचिव पूर्ण सैनी, भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष डॉ. संजय शर्मा, रणबीर फैजी, सर्व हितकारी मंच के प्रधान विष्णु तायल, महासचिव अशोक बरतिया, कोषाध्यक्ष राजेंद्र बंसल, मुकेश जिंदल, पूर्व डिप्टी स्पीकर फकीर चंद अग्रवाल हजकां नेता पूर्ण प्रकाश सैनी, अंकुर तायल मुख्य रूप से मौजूद थे।

साभार - दैनिक जागरण, 7 अप्रैल 2008, अम्बाला

कोई टिप्पणी नहीं: